मुंबई। जैसा कि अक्सर मौसम विभाग की चेतावनियों के साथ होता है, मुंबई में तूफान की चेतावनी देने के बाद अब मौसम विभाग ने कहा है कि तूफान “फयान” मुंबई नहीं आएगा और यह उत्तरी महाराष्ट्र तथा दक्षिणी गुजरात की तरफ बढ़ गया है।
हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई में भारी बारिश की संभावना अब भी है।
इससे पहले मौसम विभाग ने चेतावनी दी थी कि 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक रफ्तार वाली हवाओं के साथ तूफान आज शाम ठीक 5.30 बजे मुंबई पहुंचने वाला है। इस चेतावनी के बाद सतर्कता बरतते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने महानगर के सभी स्कूल- दफ्तर आदि दोपहर दो बजे तक बंद करने के आदेश दे दिए थे।
मौसम विभाग की चेतावनी और महानगरपालिका के आदेश से चिंतित मुंबईवासी अपने- अपने घरों के लिए निकल पड़े और फिलहाल, शाम के चार बजे स्थिति यह है कि महानगर में हो रही हल्की बारिश तो रुक चुकी है, लेकिन सड़कों पर जगह-जगह विकराल ट्रैफिक जाम लगे हुए हैं और लोग उनमें फंसे हुए हैं।
तूफान की चेतावनी और महानगरपालिका द्वारा तूफान से निपटने के लिए किए गए भारी- भरकम उपायों की घोषणा से मुंबई के निवासी खासे चिंतिंत हो गए थे, खास कर अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षित स्कूल से घर वापसी के लिए भागदौड़ करने लगे थे।
फिलहाल, मुंबई ही नहीं, अब इस तूफान के गुजरात भी जाने की संभावना से मौसम विभाग इंकार कर रहा है।
इससे पहले:
मुंबई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अरब सागर में हवा का कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण उठा तूफान “फयान”, 102 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ आज शाम मुंबई पहुंच जाएगा।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी ) ने तूफान की आशंका से महानगर के सभी स्कूल- कॉलेज दोपहर एक बजे तक और दफ्तर दोपहर दो बजे तक बंद कर दिए जाने का आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मुंबई में अगले 24 घंटों में चक्रवाती तूफ़ान आ सकता है साथ ही समंदर में ऊंची लहरों के चलते मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की हिदायत दी गयी है।
मौसम विभाग ने यह चेतावनी भी दी है कि मुंबई तथा इससे सटे ठाणे जिले में अगले 24 घंटों तक “तेज” और “बहुत तेज” बारिश हो सकती है।
मुंबई में कल से धीमी- धीमी बारिश जारी है जिसके कारण यहां की लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा है। जगह- जगह ट्रैफिक जाम की समस्या भी लोगों को झेलनी पड़ रही है।
मुंबई में पिछले 24 घंटों से लगातार बूंदाबांदी हो रही है। बीएमसी ने कुलाबा के गीतानगर, वर्ली के नरीमन बाग़, वर्ली कोलीवाडा, जुहू, वर्सोवा, सागर कुटीर, सात बंगला, गंगा जमुना बिल्डिंग, राजेश खन्ना गार्डन, माहिम, खार, सांताक्रुज़ जैसे समुद्र से सटे तमाम इलाको में एलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई में दिन भर तेज़ हवा का दौर भी रहेगा। बीएमसी ने पुलिस कंट्रोल, ट्राफिक कंट्रोल, फायर बिग्रेड कंट्रोल और मंत्रालय कंट्रोल रूम को अलर्ट पर रहने को कहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें