मथुरा जिले के हाथिया गांव में किशोरी का अश्लील वीडियो बनाने के एक
मामले में महापंचायत ने दोनों आरोपी युवकों पर तीन-तीन लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा उन्हें एक साल तक गांव से दूर रहने का फरमान सुनाया गया है। अगर इस दरम्यान किसी भी ग्रामीण ने उन्हें देख लिया तो उसे पांच सौ रुपए इनाम मिलेगा और आरोपी को ग्यारह हजार रुपए जुर्माना भरना होगा। खास बात यह है कि दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय से ताल्कुल रखते हैं। इस महापंचायत से पुलिस को दूर रखा गया। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की मुखबिरों के जरिए जानकारी लेती रही, लेकिन गांव में घुसने की हिम्मत नहीं जुटा पायी। इस मामले में पूरे गांव का माहौल कई दिनों से गरमाया हुआ था। लिहाजा मसले को सुलझाने के लिए बुधवार को महापंचायत बुलाई गई थी। 11 बजे पंचायत की कार्यवाही शुरू हुई, तो पुलिस की गांव में पिटाई को लेकर भी जमकर बहस हुई। पिछली बार पुलिस के आने पर गांव वालों ने पुलिस वालों को बंधक बनाकर उनकी पिटाई कर दी थी। कार्यवाही के दौरान आरोपी लड़कों के चाचा खालिद और लड़की के पिता के बीच भी तीखी नोंक-झोंक हुई। शाम करीब छह बजे सभी पंच उठे और अलग जाकर मंथन करने लगे। करीब आधे घंटे बाद उन्होंने अपना फैसला सुनाया। इसके मुताबिक, दोनों आरोपियों पर तीन-तीन लाख रुपए का आर्थिक दंड रखा गया है। यह राशि किशोरी के परिजनों को दी जाएगी। इसके अलावा एक साल तक दोनों युवक गांव में नहीं रहेंगे। यदि इस अवधि में कोई ग्रामीण उन्हें गांव में देखता है और उसका प्रमाण देता है तो उसे पांच सौ रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा आरोपी से अलग से ग्यारह हजार रुपए जुर्माना वसूला जाएगा। पंचायत ने पुलिस पिटाई मामले में निर्णय दिया कि यदि आरोपी युवक साहून जो कि दिल्ली में अदालत में सरेंडर कर चुका है, पर जांच सिद्ध हुई तो उसे एक लाख और दंड अदा करना होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें