

( डॉ सुखपाल सावंत खेडा)-
: कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी की रैलियां से बड़ी मेरी विधानसभा क्षेत्र की जनसभाएं हो रही हैं। कल सोनिया गांधी को सिरसा और करनाल दोनों जगहों पर रैलियों में मतदाताओं ने नकार दिया है। इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला ने उक्त कथन दैनिक जागरण संवाददाता से हेलीकाप्टर में यात्रा के दौरान एक विशेष बातचीत में कहे। इनेलो सुप्रीमो साढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र के बिलासपुर, शाहबाद व करनाल के दौरों पर थे जहां उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं संबोधित कीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी को नकार ही नहीं दिया अपितु कांग्रेस के सरकार बनाने के दावे की हवा भी निकाल दी। सोनिया गांधी द्वारा उनके राज को भय व आतंक का राज होने की संज्ञा देने पर चौटाला ने कहा कि अब कांग्रेस के पास कहने के लिए है भी कुछ नहीं। कांग्रेस ने भय व भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का वायदा किया था पर आज हर सप्ताह एक हत्या हो रही है। ना गुंडों को भय है ना सरकारी अफसरों को भय है सभी जनता को लूट रहे हैं। अब सोनिया गांधी के पास साढ़े चार साल की हरियाणा सरकार के पक्ष में कहने के लिए कुछ नहीं है। इसलिए भी वह अपनी सरकार की बात करने की बजाए हमारी सरकार पर ही नुक्ताचीनी कर रही हैं। अकाली दल के साथ चुनाव लड़कर हरियाणा के हितों की रक्षा आप कैसे करेंगे के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री बादल अपने प्रदेश के हितों की रक्षा करें और हम अपने हरियाणा के हितों पर कोई आंच नहीं आने देंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल के साथ हमारे राजनीतिक ही नहीं पारिवारिक रिश्ते भी हैं। अतीत में भी हम मिलकर चुनाव लड़ते रहे हैं। चौटाला ने कहा की हरियाणा सरकार ने हुडा का कोई सेक्टर नहीं काटा दूसरी तरफ कालोनाइजरों को हजारों लाइसेंस दिए हैं। हुडा के सेक्टर आम आदमी को मुनासिब दाम पर आवास मुहैया करवाने के लिए हैं जबकि कालोनाइजर महंगे मकान-प्लाट बेचकर जनता को लूटते हैं। चौटाला ने कहा कि सरकार ने एचआईडीसी के औद्योगिक प्लाट भी उद्योगपतियों को देने की बजाए अपने लोगों को दिए हैं। इसमें सरकार के चहेते अफसर भी शामिल हैं। लोकसभा चुनाव और अब के चुनाव में आए फर्क के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव राष्ट्रीय मुद्दों पर था जबकि विधानसभा चुनाव स्थानीय मुद्दों पर है। प्रदेश की जनता को ना बिजली मिल रही है ना पानी। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि आम आदमी को भरपेट भोजन नहीं मिल रहा है। चौटाला ने कहा कि बीते डेढ़ महीने में हमें कई राजनीतिक घटनाओं का लाभ हुआ। पहला बीजेपी से गठबंधन टूटने का, दूसरा हजकां-बसपा गठबंधन टूटने का और तीसरा हजकां-बीजेपी में गठबंधन होते-होते बिगड़ जाने का।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें