डबवाली (यंग फ्लेम)पहले कांग्रेस पार्टी की सरकार लुटेरों की सरकार होती थी मगर अब तो लूट के साथ-साथ हत्यारों की सरकार बन गई है। सरकार के मंत्री खुद हत्याएं करवा रहे हैं। ऐसे में आम आदमी
का क्या होगा, यह सोचने की बात है। यह बात ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने गांव बाजेकां में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। अपने जनजागरण अभियान के तहत वे गांव बाजेकां में पहुंचे थे। अभय सिंह ने करनाल जिले में पूर्व सरपंच कर्म सिंह की हत्या के बारे में टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार के दो मंत्रियों ने नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपयों की रिश्वत ली और नौकरी भी नहीं लगाई। जब कर्म सिंह ने रिश्वत के पैसे वापस मांगे तो उसकी हत्या करवा दी। रिश्वत के गवाह की भी हत्या करवा दी। इससे साबित होता है कि पहले कांग्रेस सरकार लोगों को लूटने का काम करती थी मगर अब लूट के साथ-साथ हत्या भी करवाने लगी है। अब आम आदमी कांग्रेस शासन में चैन की नींद नहीं सो सकता। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल है। किसानों की जमीन सस्ते रेट पर खरीदकर सरकार प्रॉपर्टी डीलर्स को महंगे दामों बेचकर मुनाफा कमा रही है। हर तरफ भ्रष्टाचार का आलम है। अधिकारी भी बिना रिश्वत के काम नहीं करते हैं। सिरसा जिले में कानून व्यवस्था पर बोलते हुए कहा कि जिले में अपराध दिनोंदिन बढ़ रहे हैं। लोग पुलिस थाने में शिकायत लेकर जाते हैं तो थानेदार सुनवाई नहीं करते हैं। एसपी पर निशाना साधते हुए अभय सिंह ने कहा कि जिले में बिगड़ रही कानून व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेदार है। पुलिस के बड़े अधिकारी रिश्वत खा रहे हैं तथा थानेदार बड़े अधिकारियों के एजेंट बने हुए हैं। महंगाई से आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। कुछ दिन पहले पेट्रोल के दाम पांच रुपये तक बढ़ा दिए थे और अब होम लोन भी महंगा कर दिया है। अभय सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि उक्त सभी समस्याओं का एक ही समाधान है, और वह है इनेलो का शासन। जब प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री बनेंगे तो फिर कोई समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में चल रही गुटबाजी से लगता है कि जल्द ही उपचुनाव होंगे तथा इनेलो की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 11 जून को सिरसा बंद करके जिले के लोगों ने अपना गुस्सा दिखाया था। वे बंद के लिए लोगों का धन्यवाद करने तथा कांग्रेस की नाकामियों को बताने के लिए ही ग्रामीणों के बीच जा रहे हैं। गांव साहुवाला में राकेश चाहर व रविंद्र चाहर के आवास पर उन्होंने जलपान किया। उन्होंने आज गांव केलनियां, रामनगरिया, सलारपुर, खाजाखेड़ा, कंगनपुर, बाजेकां, अलीमोहम्द, चांडीवाल, साहूवाला-2, ताजियाखेड़ा, शेरापुरा, कैरांवाली, नारायणखेड़ा, गदली, डिंग, मोचीवाली, कुक्कड़थाना, जोधकां, कुसुम्बी, कंवरपुरा, फूलकां सहित अन्य गांवों का दौरा किया। उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष पदम जैन, अमीर चावला, डॉ. सीताराम, कृष्ण कंबोज, जिला प्रेस प्रवक्ता कृष्ण गुंबर, जसबीर सिंह जस्सा, सुरेश कुक्कू, बंसी सचदेवा, लीलाधर सैनी, कृष्णा फौगाट,विनोद बेनीवाल, सीताराम बटनवाला, महावी शर्मा, हरि सिंह भारी, मीनूदीन पहलवान, प्रदीप मेहता, मनोहर मेहता, कृष्ण मेहता, रमेश मेहता, बाजेकां की सरपंच भगवंती देवी, पूर्व सरपंच जगीर सिंह, जीत सिंह सहित अन्य मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें