IMPORTANT-------ATTENTION -- PLEASE

-----------------------------------"यंग फ्लेम" परिवार में आपका हार्दिक स्वागत है। "यंग फ्लेम" परिवार आपका अपना परिवार है इसमें आप अपनी गजलें, कविताएं, लेख, समाचार नि:शुल्क प्रकाशित करवा सकते है तथा विज्ञापन का प्रचार कम से कम शुल्क में संपूर्ण विश्व में करवा सकते है। हर प्रकार के लेख, गजलें, कविताएं, समाचार, विज्ञापन प्रकाशित करवाने हेतु आप 093154-82080 पर संपर्क करे सकते है।-----------------------------------------------------------------------------------------IF YOU WANT TO SHOW ANY KIND OF VIDEO/ADVT PROMOTION ON THIS WEBSITE THEN CONTACT US SOON.09315482080------

Young Flame Headline Animator

रविवार, 4 सितंबर 2011

मनमोहन सिंह के पास सिर्फ मारुति -800 कार है, लेकिन पवार के पास कोई कार नहीं



भ्रष्टाचार को लेकर घिरी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार के मंत्रियों में करोड़पतियों की भरमार है। पीएमओ की वेबसाइट पर सार्वजनिक किए गए चल - अचल संपत्ति के आंकड़े के मुताबिक , कपिल सिब्बल , प्रफुल्ल पटेल और एम . के . अलागिरी सबसे रईस हैं , वहीं रक्षा मंत्री ए . के . एंटनी के पास सबसे कम संपत्ति है। हालांकि , चौंकाने वाली बात यह है कि सभी मंत्रियों को 31 अगस्त तक यह ब्योरा पीएमओ को उपलब्ध कराने के निर्देश के बावजूद वी . किशोर चंद्र देव , विलास राव देशमुख , जयंती नटराजन , जितेंद्र सिंह , नमो नारायण मीणा और कृष्णा तीरथ समेत करीब 10 मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के पास गाड़ी के नाम पर सिर्फ 1996 मॉडल की एक मारुति 800 कार है। वहीं , उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्यों के पास एक से ज्यादा लग्जरी गाडिय़ां हैं। प्रधानमंत्री के नाम खेती योग्य कोई जमीन नहीं है , जबकि उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के पास कई हजार एकड़ कृषिभूमि है। जन लोकपाल विधेयक को लेकर हुए हालिया आंदोलन के दौरान टीम अन्ना के निशाने पर रहे सिब्बल के देश के कई शहरों में फ्लैट और दो राज्यों में खेती योग्य जमीन है। प्रधानमंत्री के पास चंडीगढ़ में 4498.5 वर्गफुट क्षेत्रफल का एक फ्लैट है।
उनके पास इसी शहर में 2907 वर्गफुट का एक और घर है जो 1987 में उन्होंने 8,62000 रुपये में खरीदा था। दोनों की कुल मौजूदा कीमत 90 लाख है। पीएम का एक फ्लैट वसंत कुंज में भी है , जिसकी मौजूदा कीमत 88.67 लाख बताई गई है। उनके पास 15 हजार रुपये ही नकद में हैं। बैंकों में उनकी जमापूंजी का ब्योरा देखें , तो सेंट्रल एसबीआई सेक्रेटेरिएट शाखा में 11,39,889 और 6,46,293 रुपये , एसबीआई संसद भवन शाखा में आठ लाख से ज्यादा की राशि जमा है।
पत्नी गुरशरण कौर के स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में खाते में 11 लाख से अधिक राशि जमा है। एसबीआई में पीएम की एफडी करीब 50 लाख रुपये की है। एसबीआई की सेंट्रल सेक्रेटेरियट शाखा में टर्म डिपॉजिट 30 लाख , नब्बे लाख और अस्सी लाख के हैं। इसी तरह 7 लाख से ज्यादा के पोस्ट ऑफिस में एनएसएस भी मनमोहन ने ले रखे हैं। पीएम की पत्नी के पास 2.75 लाख के सोने के आभूषण हैं। पीएम के पास दूसरे मंत्रियों की तरह कोई कृषि या दूसरी जमीन नहीं है।
सरकार में नंबर दो की हैसियत रखने वाले वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने अपनी कुल अचल संपत्ति 62,58279 रुपये की और चल संपत्ति 63,06327 होने की जानकारी दी है। कुल मिलाकर उनकी संपत्ति 1,25,64,606 रुपये की है। प्रणब ने अपने पास फोर्ड आइकॉन कार होने की जानकारी भी दी है। मुनीरका में उनके पास एक फ्लैट है , जिसकी कीमत 39.20 लाख है। प्रणब दा के पास कोलकाता में भी 21.12 लाख का एक फ्लैट है। पैतृक कृषि जमीन और मकान में उनका अच्छा खासा हिस्सा है।
रक्षा मंत्री ए . के . एंटनी संपत्ति - जमापूंजी के मामले में सबसे नीचे नजर आ रहे हैं। उनके पास न तो कोई घर है और न कार। कामकाजी पत्नी के पास एक कार जरूर है , वह भी सेकंड हैंड मारुति वैगनआर। इसे भी उन्होंने 1.30 लाख के लोन से खरीदा है। पत्नी के पास 15 लाख का एक घर केरल में है और इतनी की कीमत का एक प्लॉट उनके पास है। गृहमंत्री पी . चिंदबरम की अचल और चल संपत्ति की कुल कीमत 11.16 करोड़ रुपये है। कृषि मंत्री शरद पवार की कुल अचल संपत्ति 3.46 करोड़ की है तो उनकी पत्नी की अचल संपत्ति की कुल कीमत 96.97 लाख है। हिंदू अनडिवाइडेड फैमिली के नाम पर 1.65 करोड़ रुपये पवार परिवार के पास हैं। हैरानी की बात यह है कि पवार ने अपने पास कार नहीं होने की जानकारी दी है। विदेश मंत्री एसएम कृष्णा के पास कुल पूंजी करीब 17.59 करोड़ जबकि अचल संपत्ति 32 लाख के करीब है।
कपिल सिब्बल के पास करीब 35 करोड़ की चल - अचल संपत्ति है। उनके पास बेंगलुरु , दिल्ली , फरीदाबाद और गुडग़ांव में जमीन है। इसके अलावा सिकंदराबाद , पटना , दिल्ली और गुडग़ांव में घर हैं। इसके अलावा नकदी करीब 3.11 लाख और वित्तीय संस्थान और गैर वित्तीय कंपनियों में जमा - करीब 76.91 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास 5 गाडिय़ां - टोयोटा कोरोला , ह्युंदै सोनाटा , सुजुकी जीप, एनफील्ड मोटरसाइकिल, रेवा इलेक्ट्रिक कार हैं।
प्रफुल्ल पटेल के पास खुद की करीब 33 करोड़ 94 लाख की और बच्चों के नाम 54 करोड़ 72 लाख की अचल संपत्ति है। इसके अलावा उनके पास करीब 4 करोड़ 33 लाख की चल संपत्ति भी है।







पट्टे की जमीन पर कब्जा दिलाने का आरोप, कार्रवाई की मांग

कालांवाली (यंग फ्लेम)कालांवाली मंडी निवासी विजय कुमार मोदी पुत्र राधेश्याम ने एसपी सिरसा को एक शिकायत पत्र देकर कालांवाली के नायब तहसीलदार पर कार्रवाई करने की मांग की है। अपनी शिकायत में उन्होंने लिखा है कि 23 नवंबर 1990 को विजय कुमार ने लीलावती पत्नी सुंदरपाल से 4 कनाल 6 मरला भूमि 99 साल के पट्टे पर ली थी और जमीन की पर्चा रजिस्ट्री भी हो गई थी। विजय कुमार ने जमीन का इंतकाल कराने के लिए उस समय के हलका पटवारी को सभी दस्तावेज उपलब्ध करवा दिए थे। विजय कुमार का कहना है कि लीलावती की साल 2009 में मौत हो गई थी और मरने से पहले लीलावती ने अपनी संपत्ति पौत्र प्रिंस के नाम करवा दी थी। कहा गया है कि प्रिंस ने विजय कुमार से पट्टे पर दी गई जमीन वापस देने की मांग की तो दोनों के बीच सौदा तय हो गया। जब विजय कुमार अपने वकील सुखविंद्र पाल के साथ हलका पटवारी से जमाबंदी की नकल मांगी तो पता चला कि पट्टेनामे का इंतकाल ही दर्ज नहीं किया गया था। इतना ही नहीं, यह भी सामने आया कि जिस जमीन का विजय कुमार को 99 साल का पट्टा दिया गया था उसी जमीन को उसी दिन यानि 23 नवंबर 1990 को रूलदू राम के नाम बैय कर दी थी। उन्होंने इसकी शिकायत नायब तहसीलदार से की तो तहसीलदार ने लिखित शिकायत पर हलका पटवारी के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। आरोप है कि नायब तहसीलदान ने हलका पटवारी पर कोई कार्रवाई करने की बजाय पट्टावाली जमीन का कब्जा ही प्रिंस शर्मा को करवा दिया। इसलिए उन्होंने एसपी से मांग की है कि नायब तहसीलदार ने नियमों का उल्लंघन किया है, लिहाजा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
नहीं करवाया कब्जा
नायब तहसीलदार संजय चौधरी ने इन आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने उक्त जमीन का कोई कब्जा नहीं करवाया। साथ ही कहा कि जब विजय कुमार ने उक्त जमीन को पट्टे पर लिया था तो कब्जा नहीं लिया था,इसलिए इंतकाल दर्ज नहीं हुआ। वर्तमान में भी विजय कुमार का उक्त जमीन पर कब्जा नहीं है। उन्होंने पटवारी की रिपोर्ट पर एसडीएम से दिशा-निर्देश मांगे थे। एसडीएम ने नायब तहसीलदार को ही इस दिशा में कोई फैसला लेने को कहा है। संजय चौधरी का कहना है कि अब रूलदू राम के नाम जो रजिस्ट्री हुई थी उसे देखा जाएगा कि उसमें पट्टे का जिक्र है या नहीं। उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।





कब रूक पाएगा अन्ना हजारे का आंदोलन?

आज हर किसी के मन में है एक सवाल?
*कि कब खत्म होगा जन आंदोलन?
*कब मिलेगा जनलोकपाल बिल? से सभी
यह सभी सवाल जनता के मन में आते है। वैसे तो अगर हम पहले के दृष्टिकोण से देखे तो भारत में कानून लागू करना या गलत कानून खत्म करना यह सब कार्य खत्म करने में बहुत समय लगा जाता है। क्योंकि भारत में कानून व्यवस्था ढीली है। मेरी नजरों में जो समय अन्ना से सरकार ने लिया है। वह बहुत थोड़ा है। पहले की तरह अगर ढीलापन बना रहा तो अन्ना को फिर अनशन करना पड़ेगा। एक कानून के लिए क्या अन्ना अनशन करते रहेंगे। एक 74 वर्ष के बुजुर्ग ने 13 दिनों तक अनशन किया परंतु सरकार ने जन लोकपाल बिल पास नहीं किया केवल प्रस्ताव पारित किया। रामलीला मैदान में बॉलीवुड़ अभिनेता ओमपुरी के द्वारा क्रोध में आकर नेताओं पर बरसें तो नेताओं ने उन पर विशेषाधिकार हनन का नोटिस जारी कर दिया। ओमपुरी के साथ-साथ पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी के खिलाफ भी विशेषाधिकार का नोटिस दिया गया। अब तो सांसदों ने सरकार के विरूद्ध खड़े हुए प्रत्येक व्यक्ति पर आरोप लगाने की ठान ली है। हमने देखा कि आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चला। हर व्यक्ति ने अनुशासन बनाए रखा। जब कभी भी हम लोकसभा या राज्यसभा की बैठक देखते है तो सांसद आपस में लड़ते नजर आते है। जब मैंने देखा कि टीवी पर राजस्थान के विधायक हाथ में चप्पल लिए खड़े थे और पूछ रहे थे कि ये चप्पल किसने फैंकी है? जहां देश की सबसे बड़ी बैठक होती है क्यां वहां पर ये सब अच्छा लगता है। मैं तो यह सब देखकर चकित रह गया कि क्या यह सब हमे भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाएंगे। ये तो अनुशासन ही नहीं जानते। मुझे पूरा विश्वास है कि जब-जब धरती पर निरंकुशता फैली है तब-तब कोई न कोई महापुरूष जन्मा है और निरंकुश तत्वों का संहार किया है।
श्री कृष्ण ने गीता में कहा है कि
'यदा-यदा ही धर्मस्य ग्लानिर्भवती भारत, अभ्युत्थानम् तदत्मान सृजाम्यहम, परित्राणाय साधुनां विनाशाप च दुष्कृताम, धर्म सस्या पनार्थाय सम्भवानि युगे-युगेÓ
अब राम और कृष्ण तो धरती पर नहीं आ सकते पर उनके दूत हमारी रक्षा करते रहेंगे। हमारी आधी जीत हो हुई है पर हम जरूर जीतेंगे।
अमित भोभिया
(मौजगढ़) भोभिया वाली ढाणी मो. 94669-20971

पहले इंसान और अब मर रही है इंसानियत

डबवाली (यंग फ्लेम) उपमंडल के गांव बिज्जूवाली के पास से गुजरने वाली रामपुरा माईनर में पिछले 4 दिनों में लगातार 2 शव गए हंै। उनमें से एक शव को तो पुलिस वाले ले गए, लेकिन दूसरा शव 3 दिनों से नहर के पानी में ही तैर रहा है और लगातार 3 दिनों से पानी में शव के पड़े रहने से शव सड़ चुका है तथा शव के सडऩे से आस-पास के वातावरण में दुर्गन्ध फैल गई है, जिससे पास में स्थित ढाणियों में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ढाणियों में स्थित लोगों ने बताया कि शव की दुर्गन्ध इतनी ज्यादा है कि उसके कारण वे सही ढंग से भोजन नहीं कर सकते हैं।
वहीं गांव बिज्जूवाली के ग्रामीणों ने बताया कि जहां पर नहर के पानी में शव अटका पड़ा है, वहां पर उनके गांव के जलघर में आने वाले पानी का नाला है। पिछले 3 दिनों से शव पड़ा रहने से शव सड़ गया है और सडऩे से शव के अंग बिखर कर जलघर के नाले की डिग्गियों में पानी के साथ आ गए हैं और पानी भी दुषित हो गया है, दुषित हुआ पानी गांव के जलघर में आ रहा है। जिस पानी की सप्लाई गांव में दी जा रही है। जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिनों में जो शव आए हैं, वो महिलाओं के शव आए हैं। जोकि क्षेत्र के लोगों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। इस बारे में गोरीवाला पुलिस चौकी के प्रभारी को भी सूचित किया गया था लेकिन उन्होंने कहा कि मैं तो पहले वाले शव को लेकर उसके पोस्टमार्टम के लिए रोहतक आया हुआ हुं। इसलिए रोहतक से आकर ही शव को वहां से ले जा सकते हैं।
जब इस बारे में सदर थाना डबवाली के प्रभारी महा सिंह रंगा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे अभी शव के बारे में गोरीवाला पुलिस को सूचित करते हैं।

हरे पेड़ों पर चल रही है आरी

डबवाली (यंग फ्लेम) इस समय जिले भर में पौधारोपण अभियान चल रहा है। वन विभाग के अधिकारी व आम लोग भी अधिकाधिक पौधे लगाने का संदेश दे रहे हैं पर दूसरी ओर हरे पेड़ों को काटा जा रहा है। वन विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। गांव रघुवाना से पन्नीवाला तक के लगभग छह किमी रोड के साथ खड़े हरे पेड़ों को काटा जा चुका है। हैरानी की बात तो यह है कि पेड़ काटने की शिकायत पुलिस के पास किसी ने नहीं की है। पेड़ों की देखरेख के लिए गार्ड भी नियुक्त है मगर इसके बावजूद हरे पेड़ काटे जा रहे हैं। विभाग के गार्ड मेवा सिंह से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि विभाग के अनेक काम होते हंै। इस समय पौधारोपण करवा रहे हैं, इसलिए ध्यान नहीं दे पाए। यानि उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया है। जब उनसे पूछा गया कि एक माह में उन्होंने पेड़ कटने की कितनी शिकायत पुलिस थाने में दी है तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और अपना मोबाइल बंद कर दिया। सवाल उठता है कि जब पौधारोपण के लिए विभाग प्रतिवर्ष लाखों रुपये खर्च करता है तो पेड़ों की सुरक्षा को नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है।

आसमानी बिजली गिरने से गाय की मौत

डबवाली (यंग फ्लेम) उपमंडल के गांव खुईयां मलकाना मे आसमानी बिजली गिरने से एक गाय की मौत होने का समाचार प्राप्त हुआ।
प्राप्त जानकारी अनुसार गांव खुईयां मलकाना निवासी कृष्ण कुमार बिश्नोई पुत्र शेर सिंह ने बताया कि बीती शाम लगभग 6 बजे हल्की बारिश हो रही थी कि अचानक आसमान से बिजली की चिंगारी उसके आंगन मे बंधी हुई गाय पर गिर गई जिससे गाय की जीवन लीला समाप्त हो गई। किसान ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि गाय कि कीमत लगभग चालीस हजार रूपये थी। कृष्ण कुमार के पडोसियों ने बताया कि बिजली गिरने से उनकी छत पर पडेे हुए कपड़े भी जल गये।

शुक्रवार, 2 सितंबर 2011

हलकी बरसात कहीं राहत तो कही आफत

डबवाली- शहर में हुई हलकी बरसात कहीं राहत तो कही आफत लेकर आई। बरसात होने के कारण शहर में जगह-जगह जलभरा के कारण आवागमन काफी प्रभावित रहा और कई जगह ठप सीवरेज व्यवस्था का दंश लोगों के लिए भारी परेशानी बना रहा। शहर का बस स्टैंड परिसर तालाब में तबदील हो गया। जहां देखों वहीं पानी जमा है। रोडवेज प्रबंधन द्वारा बस स्टैंड परिसर से पानी निकासी के दावे कोरे साबित हो रहे है क्योंकि बस स्टैंड परिसर से पानी निकासी करने के लिए रोडवेज प्रबंधन द्वारा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है बस बूथ तक पहुंचने के लिए यात्रियों को पानी का दरिया पार करना पड़ता है। बासात के कारण शहर के अन्य निचले इलाकों में भी जल भराव हो गया।
उधर, बरसात होने से शहर के मुख्य बठिंडा चौक में भी जल भराव हो गया। जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी जमा होने के कारण चौक से पैदल राहगीरों का गुजरना भी मुशिकल हो गया है चौक पर स्थित दुकानदारों का कहना है कि उन्हें हर बार बरसात होने पर ऐसी ही परेशानी से गुजरना पड़ता है क्योंकि सरकार द्वारा बरसाती पानी की निकासी के लिए कोई प्रबंध नहीं किया गया है। जिस कारण बरसात का पानी उनकी दुकानों के आगे जमा हो जाता है और इस पानी के कारण उनकी दुकान पर कोई ग्राहक नहीं पहुंच पाता। दुकानदारों का कहना है कि वह इस बारे में कई बार संबंधित विभाग से शिकायत भी कर चुके है लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि जीटी रोड से पानी निकासी का स्थाई हल किया जाए ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।
उधर, गांव डबवाली के हाईवे पर स्थित दुकानों व घरों के लोगों को बरसात आने पर भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है क्योंकि सरकार द्वारा लाखों रूपए की धराशि खर्च कर बरसाती पानी की निकासी के लिए सड़क के दोनों और बनाए गए नालों का निर्माण न होने के कारण बरसाती पानी की निकासी सही ढंग से नही हो पाती है और पानी ज्यों का त्यों सड़क के किनारों पर खड़ा रहता है। थोडी-सी बरसात होने से दुकानों व घरों के आगे हाईवे पर पानी एकत्रित हो जाता है और सड़क एक जोहड़ के समान नजर आती है। लोगो ने बताया कि ये नाले 3 फीट चौड़े व 3 फीट गहरे है। इन नालों के आपसी सम्पर्क के लिए हाईवे को तोड़कर बीच मे से एक नाला बनाया गया था जिसको बाद मे कुछ मैटिरियल डालकर उसका लेवल कर दिया गया था। लेकिन इस मैटिरियल में भी कोताही बरतने के कारण हाईवे पर एक गहरी खाई बनती जा रही है जो किसी भी समय किसी बडे हादसे को न्योता दे सकती है। लोगों ने अपनी इस परेशानी का जिम्मेवार सम्बंधित विभाग को ठहराया जिसने अपने कार्य में लापरवाही की है। लोगों ने प्रशासन से मांग कि है कि जल्दी ही उनकी इस समस्या का समाधान किया जाए ताकि वह इन समस्यों से निजात पा सके।

दो व्यक्तियों 12 बोर की एक अवैध पिस्तौल कारतूस सहित काबू

डबवाली- थाना पुलिस ने गश्त व चैकिंग के दौरान दो व्यक्तियों को 12 बोर की एक अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस सहित क्षेत्र के गांव किंगरे से काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र नछत्तर सिंह व दौलत सिंह पुत्र गुरनाम सिंह निवासी गांव किंगरे के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत थाना ओढ़ा में मामला दर्ज किया गया है। मामले के जांच अधिकारी सहायक उपनिरिक्षक कश्मीरी लाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को गश्त व चैकिंग के दौरान मुखबरी मिलने पर उनके गांव किंगरे के वाटर वक्र्स के निकट से काबू किया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि उनसे पूछताछ के दौरान अवैध पिस्तौल व कारतूस के सप्लायर का नाम पता, ठिकाना मालूम कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।

ग्राहको को गुणवता व मात्रा जांच की जानकारी दी

डबवाली -1 सितम्बर को सार्वजनिक क्षेत्र सबसे बड़ी विश्वसनिय पेट्रोलियम कम्पनी इण्डियन ऑयल के स्थापना दिवस के अवसर पर कम्पनी स्थानीय डीलर चैधरी दलीप सिंह रिपुदमन सिंह पेट्रोल पम्प पर ग्राहको को गुणवता मात्रा जांच की जानकारी दी गई। यह जानकारी देते हुए चैधरी पेट्रोल पम्प के प्रबन्धक प्रदीप सिंगला ने बताया कि आज के इस प्रतिस्र्पधा के समय मे उपभोक्ता बाजार का राजा है। इसी कड़ी मे हमने कम्पनी स्थापना दिवस के उपलक्ष मे ग्राहको को जागरूक करने के लिऐ उत्पाद की गुणवता मात्रा जांच की जानकारी दी। उन्होने आगे बताया कि पेट्रोल की गुणवता की पहचान फिल्टर पेपर घनत्व जांच द्वारा की जाती है, फिल्टर पेपर जांच में पेट्रोल की एक बूंद फिल्टर पेपर पर डालने के एक या दो मिनट बाद अगर पेपर पर निशान नहीं रहता है तो पेट्रोल शुद्व है और यदि पेपर पर पेट्रोल अपना निशान छोड़ देता है तो वह पेट्रोल शुद्व नहीं होगा। डीजल की जांच के बारे मे जानकारी देते हुए प्रदीप सिंगला ने बताया कि डीजल की शुद्वता की जांच घनत्व परिक्षण द्वारा की जाती है और दोनो उत्पादो की सही मात्रा की जांच पेट्रोल पम्प पर उपलब्ध 5 लीटर के माप द्वारा की जाती है जो कि माप तौल विभाग द्वारा प्रमाणित होना चाहीऐ। उन्होने ग्राहाको से अपील की कि हमारे पम्प पर आप किसी भी समय पेट्रोल डीजल की मात्रा गुणवता की जांच कर सकते है जो कि आपका अधिकार है।

रिसालियाखेड़ा स्कूल में युवा संसद आयोजित


बिज्जूवाली, 2 सितम्बर ( हेमराज बिरट )। क्षेत्र के गांव रिसालिया खेड़ा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में गत दिवस राज्य शैक्षणिक अनुसंधान संस्थान की ओर से युवा संसद का आयोजन किया गया। जिसमें पर्यवेक्षक के रूप में डिंग से वरिष्ठ हरमेल सिंह और विजय सचदेवा ने भाग लिया। युवा संसद में विद्यार्थियों ने मुख्य रूप से भ्रष्टाचार, शिक्षा का अधिकार, बाढ़, जनलोकपाल, महंगाई और सामाजिक कुरितियों संबंधी मुद्दे उठाए गए तथा सांसदों के मध्य तीखी बहस भी देखने को मिली। युवा संसद के दौरान प्रधानमंत्री की भूमिका कक्षा 9वीं के अजय कुमार ने निभाई। इसी प्रकार वित्त मंत्री के रूप में 12वीं के नानक चंद, स्पीकर 9वीं के रोबिन, पयर्टन मंत्री 9वीं के योगेश, संचार मंत्री 9वीं के रजनीकांत, कृषि मंत्री 9वीं के अरविंद, श्रम मंत्री 9वीं के अजय, खाद्य मंत्री 9वीं के संदीप कुमार बने तथा युवा संसद में विपक्ष के नेता के रूप में 9वीं के अभिषेक, राधेश्याम, सूर्यप्रकाश और 12वीं की मोहित कुमारी सहित अनेक विद्यार्थी नजर आए। युवा संसद का कार्यक्रम एक घंटे से ज्यादा समय तक जारी रहा। स्कूल के मुख्याध्यापक भूप सिंह ने बताया कि स्कूलों में समय-समय पर युवा संसदों का आयोजन होने से विद्यार्थियों की मानसिक शक्ति बढ़ती है और उन्हें लोगों के सामने अपने विचार बोलने का अवसर मिलता है। इस मौके पर देवरनंद, कमल जैन व ओमप्रकाश सहित समस्त स्कूल स्टाफ सदस्य तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।

डॉ0 शमीम शर्मा ने ली स्वेच्छा से सेवानिवृति विद्यापीठ में पुन: संभालेंगी निदेशक का पदभार

डबवाली : राजकीय कॉलेज मण्डी डबवाली में बतौर प्राचार्य कार्यरत डॉ0 शमीम शर्मा ने अपने पद से स्वेच्छा से सेवानिवृति ले ली है। उन्होंने अपने 29 वर्षों की सरकारी सेवा की शुरूआत हिन्दी प्रवक्ता के रूप में की थी। अपने लम्बे सेवाकाल में उन्होंने एफ.सी. कॉलेज हिसार, हिन्दू कॉलेज सोनीपत, माता हरकी देवी कॉलेज ओढ़ा में बतौर प्राचार्य तथा जेसीडी विद्यापीठ में कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी सफल सेवाएं प्रदान की है।
डॉ0 शमीम शर्मा ने बताया कि वे 3 सितम्बर 2011 से अपनी सरकारी सेवा से सेवानिवृति उपरांत पुन: जेसीडी विद्यापीठ की निदेशक का पदभार संभालेंगी तथा इसके साथ-साथ वे माता हरकी देवी कॉलेज, ओढ़ा में प्राचार्य का कार्यभार भी देंखेगी।
डॉ0 शमीम शर्मा की राज्यभर में एक जागरूक शिक्षाविद्, लोकप्रिय लेखिका, प्रभावी प्रशासक एवं एक सशक्त, कर्मठ व ईमानदार समाजसेविका के रूप में पहचान है। उनकी इन बहुमुखी विशेषताओं के कारण ही उन्हें हरियाणा के राज्यपाल एवं भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। इतना ही नहीं वे अब तक 30 बार से अधिक रक्तदान भी कर चुकी हैं, जिसके लिए उन्हें राज्य सरकार की ओर से सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने गत वर्ष हरियाणा एन्साइक्लोपीडिया (विश्वकोश) का 10 खण्डों में (7000 पृष्ठ) का संपादन भी किया, जिसका लोकार्पण दिल्ली के पुस्तक मेले में हरियाणा के मुख्यमंत्री चौ0 भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा किया गया तथा मुख्यमंत्री की ओर से डॉ0 शमीम शर्मा को एक लाख रूपए नगद राशि प्रदान कर सम्मानित भी किया गया। डॉ0 शमीम शर्मा गत 11 वर्षों से नियमित हिन्दी समाचार पत्रों दैनिक ट्रिब्यून, चण्डीगढ़ व दैनिक हिन्दी मिलाप, हैदराबाद में स्तम्भ लेखन कर रही हैं। वे सामाजिक मुद्दों तथा हास्य व्यंग्य पर 10 से अधिक पुस्तकें लिख चुकी हैं।

गुरुवार, 1 सितंबर 2011

अन्ना टीम को लडऩा ही पड़ेगा ससंदीय चुनाव

महावीर सहारण (9354862355)
-----------------
अन्ना हजारे के सफल अनशन समापन पर अभी देशभर में जश्र का माहौल जारी है लेकिन देशवासियों को जो उम्मीद इस दौरान बंधी है क्या यह अपने अंजाम तक पहुंच पाएगी और अन्ना टीम को भविष्य में क्या रणनीति बनानी होगी यह महत्वपूर्ण यक्ष प्रश्र आज सबके सामने है।
अन्ना हजारे के जनआंदोलन को देशभर से बेमिसाल स्वतस्फूर्त जन समर्थन मिलना यह जाहिर कर गया कि भारतवासी भ्रष्टाचार रूपी राक्षस से किस कद्र परेशान है। हमेशा की तरह सता के घोड़े पर सवार सतारूढ़ दल के रणनीतिकार यह अंदाजा लगाने में पूरी तरह से चूक गए कि जन लोकपाल बिल का आंदोलन केवल मात्र मीडिया द्वारा प्रचारित किया गया नहीं है। बाबा रामदेव के आंदोलन को जिस प्रकार से कुचला गया उससे कांग्रेस में कपिल सिब्बल, पी. चिदंबरम धड़ा हावी था लेकिन उन्हें यह मालूम नहीं था कि बाबा रामदेव ने अपने आंदोलन का मुख्य हथियार लाखों करोड़ों रूपए का काला धन विदेशों से भारत लाने को बनाया और यह बात जग जाहिर है कि अगर यह काला धन देश में आता भी है तो प्रत्यक्ष इससे किसी देशवासी को कोई लाभ नहीं दिख रहा था। जबकि अन्ना हजारे ने भ्रष्टाचार से पीडित आम आदमी की नब्ज को पकड़ा तथा जनमानस यह भी समझने में सफल रहा कि सही कानून के आने से निचले स्तर पर भ्रष्टाचार पर व्यापक अंकुश लगने की संभावना नकारी नहीं जा सकती। क्योंकि सूचना अधिकार कानून व लोकायुक्त के कर्नाटक मुख्यमंत्री प्रकरण से यह लगने लगा है कि सही कानून का क्रियानवन प्रभावशाली साबित हो सकता है। दूसरे बाबा रामदेव द्वारा सन्यासी होते हुए 1200 करोड़ का आर्थिक सम्राज्य स्थापित किया जाना जबकि अन्ना हजारे का मंदिर में प्रवास करना दोनों आंदोलनों को मिले जन समर्थन में अंतर पैदा करने के लिए एक महत्वपूर्ण कारक साबित हुआ। रही सही कसर कांग्रेस प्रवक्ता मनीश तिवारी द्वारा साफ सुथरे व्यक्तित्व के धनी अन्ना हजारे को भ्रष्ट साबित करने के असफल प्रयासों ने पूरी कर दी। केंद्र सरकार के रणनीतिकार अन्ना हजारे को जेल से मजबूरीवश रिहा करने के बाद भी जन आंदोलन की तीव्रता को समझ नहीं पाए तथा रामलीला मैदान में पहुंचे लोगों के बारे में यह सोचकर निश्चित हो गए कि यह भीड़ एक-दो दिन बाद थक हार कर अपने-अपने घर चली जाएगी। लेकिन दिनबदिन रामलीला मैदान पर देशभर से आंदोलनकारियों का हजूम बढ़ता ही गया। तब जाकर इन लोगों के हाथ पांव फूलने शुरू हुए तथा इन्होंने हार नहीं मानी व सिविल सोसायटी के सदस्यों को संसद की सर्वोच्चता को चुनौती देने का प्रचार आरंभ कर दिया। यह दाव भी जब उल्टा पड़ता दिखा तो आखिरकार दलित, पिछड़ा वर्ग से टीम अन्ना की दूरियां बढ़ाने का कुप्रयास भी किया गया। जिसकी बानगी पूरे देश ने संसद में बहस दौरान सपष्ट रूप से देखी। महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि जिन नेताओं की दलित व पिछड़ा वर्ग वोट बैंक से राजनीतिक दुकान चल रही है उन्हें भी मालूम है कि भ्रष्टाचार से सबसे ज्यादा पीडि़त तो दलित व पिछड़ा वर्ग ही है। चूंकि मध्य वर्ग तो पैसे के बल पर अपने काम धंधे फिर भी करवा लेता है लेकिन दलित व पिछड़ा वर्ग की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनकी दुविधा ज्यादा है। इस घटनाक्रम में टीम अन्ना को मिले जबरदस्त जन समर्थन के बावजूद ये तानाकशी सुनने को मिली कि 'चुनाव जीतकर आओ व संसद में बैठकर कानून बनाओंÓ और यह बोली कोई दबे तो कोई खुले स्वर में हर राजनीतिक दल की थी।
वे शायद आसाम का उदहारण भूल चुके हैं जब विद्यार्थियों ने आंदोलन उपरांत चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया व असमगण परिषद पार्टी का गठन किया तथा तमाम राजनीतिक दलों को धूल चटाते हुए प्रफूल कुमार महंत प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें। वहीं आंध्रप्रदेश में अभिनेता से एकाएक राजनीति में उतर कर एनटी रामाराव ने तेलगुदेशम पार्टी का गठन किया व दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाई। ऐसी ही स्थिति 1977 में आपात काल उपरांत लोकसभा चुनाव में बनी जब जनता पार्टी ने सता पर कब्जा जमा लिया। हालांकि उसमें ज्यादातर अन्य पार्टियों से आए राजनीतिज्ञ शामिल थे। अब अन्ना हजारे पूरे देश में भ्रमण कर रहे है तथा उन्हें व टीम अन्ना को इस बात पर गंभीरता से विचार करना चाहिए कि संसदीय प्रणाली के मुताबिक देश वासियों से वे जन समर्थन मांगे तथा आने वाले लोकसभा चुनाव में खुद जैसे प्रत्याशी उतारे ताकि मौजूदा संसद में पहुंचे हुए सदस्यों को भी अहसास हो जाए कि अन्ना हजारे को ठोस जन समर्थन प्राप्त है व अन्ना हजारे देश के प्रधानमंत्री पद पर सुशोभित होते है तो देश वासियों के लिए इससे बड़ा सौभाग्य और कोई नहीं हो सकता। आखिर कब तक एक-एक जन लोक कल्याणकारी कानून को बनवाने के लिए अन्ना हजारे को अनशन पर बैठना पड़ता रहेगा।

वैन पलटने से दो गंभीर रूप से घायल

दशमेश गर्लस कॉलेज बादल की वैन पलटने से दो छात्राओ के गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी अनुसार दशमेश गल्र्स कॉलेज बादल की कॉलेज वैन सुबह लगभग 8 बजे डबवाली के सीमावर्ती पंजाब के गांव किलियांवाली से डबवाली आ रही थी। जिसमे 8 छात्राए सवार थी। डबवाली के पंजाब क्षेत्र मे स्थित महाराजा पैलेस के पास अचानक वैन का संतुलन बिगडने से वैन पलट गई, जिससे वैन सवार दो छात्राए गंभीर रूप से घायल हो गई अन्य 6 छात्राओ को मामूली चोटे आई जिनक ो डबवाली के निजि अस्पताल मे उपचार हेतू लाया गया। अस्पताल मे उपचारधीन छात्राऐ रमणदीप कौर,मनप्रीत कौर ने बताया कि अचानक वैन का संतुलन बिगडने से ये हादसा हुआ है ।

क्षत-विक्षित हालत में एक महिला का शव बरामद

डबवाली-गौरीवाला पुलिस ने गांव बिज्जूवाली के पास से गुजरने वाली रामपुरा माईनर से गत शाम को क्षत-विक्षित हालत में एक महिला का शव बरामद किया है। गौरीवाला पुलिस चौकी के प्रभारी भूप सिंह ने बताया कि माईनर के पास स्थित खेत मालिक ने पुलिस को सूचना दी की माईनर में क्षत-विक्षित हालत में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को माईनर से बाहर निकाला।
प्रभारी ने बताया कि शव काफी पुराना है, जिसके कारण उसकी पहचान होना मुश्किल है। शव की हालत को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा के सामान्य अस्पताल में भेज दिया है।

कीटनाशक का छिड़काव कर देने से 10 एकड़ फसल नष्ट

डबवाली- गांव छापियांवाली के किसान द्वारा कीटनाशक का छिड़काव कर देने से 10 एकड़ फसल नष्ट हो गई। गाव छापियांवाली के किसान गुरचरण सिंह ने नष्ट हुई फसल को दिखाते हुए बताया कि गत दिनों गांव आलमवाला की एक दुकान से कीटनाशक खरीद कर उसने अपनी कपास की फसल पर स्प्रे कर दिया। स्प्रे करने के बाद उसकी फसल नष्ट हो गई।
पीडि़त किसान ने बताया कि इस कीटनाशक के दुष्प्रभाव के चलते उसकी करीब तीन लाख रुपये की फसल नष्ट हो गई। किसान ने प्रशासन से उक्त कीटनाशक कम्पनी व दुकानदार पर कार्रवाई की मांग करते हुए फसल का मुआवजा देने की मांग की है। इस संबंध में दुकानदार से संपर्क करने पर उसका कहना था कि इस बैच की स्प्रे और भी कई किसानों को दी गई है तथा यदि दवा खराब होती तो और भी शिकायत आती।

बुधवार, 31 अगस्त 2011

अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत

डबवाली-गांव डबवाली में मंगलवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार नलकुप मिस्त्री की मौत हो गई। पुलिस ने उसके बेटे के बयान पर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव डबवाली का नलकुप का मिस्त्री 60 वर्षीय सुरजीत सिंह शहर से अपने बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था तो ऐलनाबाद रोड पर चढते ही वह किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। मौके पर वाहन चालक फरार हो गया। एकत्रित लोगों ने जन सहारा एंबुलेंस की मदद से उसे सामान्य अस्पताल में लाया गया मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
शहर थाना के एएसआई सतबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने उसके बेटे लक्ष्मण सिंंह के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उसके तीन बेटे व तीन बेटिया हैं जिसमें से तीन बच्चें शादीशुदा हैं और तीन अभी कुंवारे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।

छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर भाग लेते हुए 71 यूनिट रक्तदान किया

डबवाली-राजकीय महाविद्यालय की एनएसएस विंग द्वारा आज कॉलेज प्रांगण में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में उपायुक्त युद्धवीर सिंह ख्यालिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और उन्होंने कॉलेज के छात्र-छात्राओं को रक्तदान देने के लिए प्रेरित किया। शिविर का शुभारंभ कॉलेज की प्राचार्या शमीम शर्मा ने रक्तदान देकर किया। इस रक्तदान शिविर में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर भाग लेते हुए 71 यूनिट रक्तदान किया। डॉ. शमीम शर्मा ने जिला उपायुक्त के समक्ष कॉलेज की नईं बिल्डिंग का निर्माण कार्य आरंभ करवाने की भी मांग रखी और जिला उपायुक्त युद्धवीर सिंह ख्यालिया ने उन्हें कॉलेज की बिल्डिंग के लिए शीघ्र ही कार्रवाई आरंभ करने का विश्वास दिलवाया। इस अवसर पर एमपी कॉलेज के प्रधान डॉ. गिरधारी लाल वधवा, शिक्षाविद आत्माराम अरोड़ा, हरिचंद मिढां कॉलेज स्टाफ एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

बाबा रामदेव पीर महाराज का जागरण बड़ी ही धूमधाम के साथ हुआ

डबवाली- सावंतखेड़ा में स्थित बाबा रामदेव मंदिर के प्रांगण में बीती रात्रि बाबा रामदेव पीर महाराज का जागरण बड़ी ही धूमधाम के साथ हुआ। जिसमें रिसालिया खेड़ा की सुशील एवं पार्टी ने बाबा जी का गुणगान किया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जग्गा सिंह बराड़ ने दीप प्रज्जवलित कर जागरण का शुभारंभ किया व उन्होंने मंदिर को 5100 रूपए की राशि दान रूवरूप भेंट की। इस अवसर पर प्रधान बॉबी बांसल, चेतराम, सरपंच रणजीत सिंह, हंसराज हंस, विनोद बिश्रोई, रमेश कुमार के अलावा अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे। आज बाबा जी का अटूट लंगर श्रद्धालुओं ने वितरित किया गया। उधर, गांव बिज्जूवाली में गत रात्रि बाबा रामदेव जी महाराज का जागरण आयोजित करवाया। जागरण में राजस्थान से आए मुकेश एण्ड पार्टी के कलाकारों ने भजन '' हर घर में रावण बैठा, इतने राम कहां से लाऊंÓ 'बाला सा म्हारा, आता थे ल्याईयो सजीवण बुटीÓÓ सहित अनेक बाबा रामदेव जी के भजनों का गुणगान किया। जागरण के दौरान श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर राजकुमार, कालुराम, प्रभुदयाल, रामकुमार, राणा, विकास, महावीर, हरी सिंह, राजेन्द्र सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद थे।

उच्च विद्यालय के कई कमरे जर्जर हालत में ,कोई बड़ी हादसा हो सकता है

डबवाली-क्षेत्र के गांव बनवाला में स्थित राजकीय उच्च विद्यालय के कई कमरे पिछले लंबे समय से जर्जर हालत में है। जिनके कारण कभी भी कोई बड़ी हादसा हो सकता है, लेकिन आज तक उन कमरों की ओर किसी भी प्रशासनीक अधिकारी ने ध्यान देना जरूरी नहीं समझा। विद्यालय की प्रबंधक कमेटी के सदस्य श्रवण गोदारा, बृजलाल, मंजु रानी, माया देवी, सुमन देवी, जैतो देवी, मंगतराय, रायसिंह, रोशनी तथा विद्यालय की मुख्याध्यापिका मनदीप कौर सहित अनेक ग्रामीणों ने जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एक पत्र भेजकर खस्ता हालत में हुए कमरों की मुरम्मत करवाने की मांग की है। जब इस बारे में शिक्षा विभाग अधिकारी कुमकुम ग्रोवर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमारे पास तो अभी तक बनवाला गांव की ऐसी कोई शिकायत आई नहीं है, अगर शिकायत आती है, तो उसका समाधान जल्द ही कर दिया जाएगा।

मंगलवार, 30 अगस्त 2011

जल है तो कल है, पेड़-पौधे हैं तो हम हैं

सिरसा -जल है तो कल है, पेड़-पौधे हैं तो हम हैं। सभी प्राणियों के जीवन में वनों एवं पेड़-पौधों का होना अति आवश्यक है।
उक्त शब्द अतिरिक्त उपायुक्त श्री डीके बेहरा ने लघु सचिवालय के प्रांगण में स्थित शहीद स्मारक स्थल व साथ में लगती पार्कों में पौधा रोपण करने उपरांत व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों का जीवन में उतना ही महत्व है जितना की अन्न, जल, वायु आदि का है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन के अवसर पर भी पेड़-पौधे अवश्य लगाने चाहिए। पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने के लिए भी अधिक से अधिक संख्या में पेड़-पौधे लगाने चाहिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने पेड़-पौधे लगाए। उपमंडलाधीश श्री रोशन लाल ने भी अपने शुभ हाथों द्वारा पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि जिला को हरा-भरा बनाने के लिए तथा पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए जुलाई माह से पौधारोपण का कार्य आरंभ किया था और उपमंडल ऐलनाबाद में जिला स्तरीय वन महोत्सव समारोह भी बनाया गया है जहां वन विभाग द्वारा जिलावासियों को नि:शुल्क पौधे वितरित किए गए थे।
इस मौके पर जिला वन अधिकारी श्री नरेश रंगा ने बताया कि आगामी 5 सितंबर को उपायुक्त डा. युद्धबीर सिंह ख्यालिया की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के परिसर में सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के द्वारा पौधारोपण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज भी अतिरिक्त उपायुक्त श्री डीके बेहरा के नेतृत्व में एक हजार से भी अधिक पौधारोपण का कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि खाली पड़ी जगहों पर पौधारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला में वन विभाग द्वारा 31 लाख से भी अधिक पौधे नि:शुल्क लोगों को दिए जा रहे हैं ताकि सिरसा जिला हरा-भरा बने। जिला वन अधिकारी ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय वन नीति के अनुसार 33 प्रतिशत वनों का होना, पर्यावरण संतुलन के तथा वातावरण शुद्ध करने के लिए अधिक मात्रा में पेड़ पौधे लगाना बहुत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ज्योग्राफिकली एरिया के अनुसार हरियाणा में वन भूमि सिर्फ 3.8 प्रतिशत है। परंतु कुल ट्री कवर एरिया कृषि भूमि को मिलाकर 8.6 प्रतिशत ही है। जो कि निर्धारित पर्यावरण संतुलन के लिए बहुत कम है। उन्होने बताया कि इस विषय को गम्भीरता से देखते हुए हरियाणा सरकार ने हर वर्ष लगभग 5 करोड़ पौधे किसानों, स्कूलों, सरकारी विभागों एवं स्वयं सेवी संस्थाओं को मुफ्त वितरण करती आ रही है, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे । उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न गांवों में जड़ी बुटियों युक्त पौधे जैसे नीम, पिलखन,पापड़ी, बकैन, तुत, शीशम, सफेदा, गुलमोहर, केशिया, सामिया, चांदनी, कीकर, जण्ड, जामुन, अनार, आंवला ,पोपलर, बी विलिया ,फ्रांस, नींबू, बेल पत्थर आदि तरह के पौधे लगाने ेके लिए तैयार किए गए है।
श्री रंगा ने बताया कि भवदीन नर्सरी में 3 लाख 60 हजार , रामनगरीय में एक लाख 25 हजार, डिंग में 7 हजार 500, नहराना में एक लाख 73 हजार, डबवाली में एक लाख 80 हजार, खुईयां में 5 लाख 20 हजार, रानियां में दो लाख 11 हजार , जीवन नगर में 2 लाख 60 हजार, ऐलनाबाद में एक लाख 51 हजार , दमदमा एक लाख, केहरवाला में दो लाख,उमेदपुरा में दो लाख 10 हजार, बाहिया में एक लाख , कालांवाली में 3 लाख 11 हजार 430, खेरेकां में एक लाख 50 हजार तथा दौलतपुर खेडा़ में 1 लाख 12 हजार विभिन्न प्रजातियों के पौधे इन नर्सरियों में तैयार किए गए है।
इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी पौधारोपण किया।

SHARE ME

IMPORTANT -------- ATTENTION ---- PLEASE

-----------------------------------"यंग फ्लेम" परिवार में आपका हार्दिक स्वागत है। "यंग फ्लेम" परिवार आपका अपना परिवार है इसमें आप अपनी गजलें, कविताएं, लेख, समाचार नि:शुल्क प्रकाशित करवा सकते है तथा विज्ञापन का प्रचार कम से कम शुल्क में संपूर्ण विश्व में करवा सकते है। हर प्रकार के लेख, गजलें, कविताएं, समाचार, विज्ञापन प्रकाशित करवाने हेतु आप 093154-82080 पर संपर्क करे सकते है।-----------------------------------------------------------------------------------------IF YOU WANT TO SHOW ANY KIND OF VIDEO/ADVT PROMOTION ON THIS WEBSITE THEN CONTACT US SOON.09315482080------

SITE---TRACKER


web site statistics

ब्लॉग आर्काइव

  © template Web by thepressreporter.com 2009

Back to TOP