
मलेशिया में दस साल का चमत्कारी बच्चा दो-दो कंपनियों का सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) बन गया है। इतना ही नहीं वह विश्वविद्यालयों में पढ़ाने भी जाता है और इसके लिए 65 हजार रुपये प्रति घंटे के हिसाब से कीमत वसूलता है। आदि पुत्र अब्दुल गनी नाम का यह बच्चा चौथी कक्षा में पढ़ता है, लेकिन अब उसने स्कूल जाना बंद कर दिया है। आदि दो कंपनियों की बागडोर अकेले संभाल रहा है। हालांकि ये दोनों कंपनियां उसकी मां की हैं। ये दोनों कंपनियां आदि नामक ब्रांड से विटामिन बनाती हैं। कई विश्वविद्यालयों के आमंत्रण पर वह पढ़ा भी रहा है। उसका कहना है कि वह भविष्य में इस्लामिक विषयों का अध्यापक बनना चाहता है। उसकी मां ने बताया कि आदि इंटरनेट पर ही शेयर बाजार की हलचलों के बारे में पूरी जानकारी रखता है। आदि को गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल और जीव विज्ञान में अधिक रुचि है। जबकि वह इतिहास और राजनीति विज्ञान ज्यादा नहीं पढ़ता। उसे किताबें पढ़ना भी पसंद नही है। लेकिन इंटरनेट पर सर्च करने में उसे काफी मजा आता है। आदि की मां के मुताबिक वह कनाडा, सिंगापुर और अमेरिका में पढ़ाई करना चाहता है, लेकिन अभी इस बारे में फैसला करना है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें