
पहाड़ों पर बर्फबारी थम गई, लेकिन मैदानी इलाकों में पारा बुधवार को भी लुढ़कता रहा। अधिकांश उत्तर भारत, खासकर तराई क्षेत्रों में सर्द हवाएं असर दिखाती रहीं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पंजाब के अमृतसर में तापमान में 9 ़8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसी तरह लुधियाणा और पटियाला में ठंडक बढ़ गई है। हरियाणा के रोहतक में मंगलवार रात पारा लुढ़क कर 9 ़5 डिग्री तक पहुंच गया। अंबाला और करनाल में भी कुछ ऐसा ही रहा। चंडीगढ़ में पारा दो डिग्री तक नीचे को लुढ़का है। राजधानी दिल्ली में रात दस बजे तापमान तकरीबन 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजस्थान में भी पारा तेजी से नीचे की तरफ को लुढ़का है। श्रीगंगानगर में मंगलवार की रात इस बार के मौसम की सबसे ठंडी रात रही। पिलानी, चुरू और माउंट आबू में भी लोगों ने ठिठुरन भरी गुजारी। कश्मीर घाटी के लोगों ने बुधवार को बर्फबारी रुकने से कुछ राहत की सांस ली लेकिन गुलमर्ग जैसे ऊंचे हलकों में हालात बिगड़े रहे। बुधवार की रात भी गुलमर्ग का तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। हिमाचल में पिछले दो दिनों से पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने बुधवार को विराम लिया। उधर, उत्तराखंड में मौसम तरह-तरह के रंग दिखा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें