
माकपा तथा हिंदी प्रदेश की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने हिन्दी में शपथ लेने के कारण महाराष्ट्र में सपा विधायक अबू आसिम आजमी के साथ मनसे विधायकों के दुर्व्यवहार की कड़ी निन्दा करते हुए राज ठाकरे को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। उन्होंने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि वह भाषा के आधार पर देश को विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं। विभिन्न नेताओं ने महाराष्ट्र विधानसभा की घटना को राष्ट्र विरोधी और असंवैधानिक बताया और कहा कि अगर विभाजनकारी तत्वों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो देश के विघटन की आशंका है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने आजमी के साथ की गई अभद्रता की निंदा करते हुए कहा कि अबू आजमी ने हिन्दी मे शपथ लेकर न केवल राष्ट्रभाषा का बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। मुलायम ने लखनऊ में संवाददाताओं से कहा, मैं अबू आजमी को बधाई और धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने हिन्दी में शपथ लेकर राष्ट्रभाषा का सम्मान बढ़ाया है। घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने पटना में कहा कि अगर विभाजनकारी तत्वों पर काबू के लिए तत्काल कदम नहीं उठाए गए तो देश का विघटन हो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से कहा कि वह ऐसी हरकतों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाएं। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने कहा कि हर किसी को अपनी पसंद की भाषा में शपथ लेने का अधिकार है। पार्टी नेता डी राजा ने कहा कि मनसे भाषा जैसे मुद्दों पर विभाजन करना चाहती है, जिसकी कड़े शब्दों में निन्दा की जानी चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की चुप्पी की भी आलोचना की। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने घोर निंदा की और इसे राष्ट्रभाषा का अपमान बताया। यादव ने महाराष्ट्र विधानसभा की घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा के अंदर हुई यह घटना एक तरह से संविधान का ब्रेकडाउन है क्योंकि सरकार और सदस्य दोनों ही संविधान की शपथ लेते हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रभाषा का अपमान और देश की एकता अखंडता के लिए खतरा बताया और कहा कि सभी दलों को इस घटना का विरोध करना चाहिए। सपा के महासचिव अमर सिंह ने कहा कि मनसे प्रमुख गुंडागर्दी के लिए मशहूर हैं। हम अपनी राष्ट्रभाषा का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकते। राजद की सहयोगी पार्टी लोजपा के प्रमुख रामविलास पासवान ने कहा, हिन्दी हमारी राष्ट्रभाषा है और राज ठाकरे तथा आजमी पर हमले के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें